गुमला: गुमला शहर के पालकोट रोड स्थित विद्यासागर बुक डिपो में रविवार की सुबह करीब 5.00 से 6.00 बजे के बीच शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया. बताया जा रहा है कि करीब आठ लाख रुपये की पुस्तकें जलकर राख हो गयी.
उस समय दुकान संचालक श्रवण कुमार अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ दुकान के अंदर मौजूद थे. चूंकि बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता दुकान से होकर जाता था. इसलिए आग की लपटों के बीच पूरा परिवार अंदर ही फंस गया. हालात गंभीर होते देख परिवार के सदस्य किसी तरह छत पर पहुंचे और वहीं से मदद की गुहार लगायी.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गये. लोगों ने बिना किसी इंतजार के दुकान का शटर तोड़कर अंदर पहुंचने का प्रयास किया और टुलू मशीन व सिंटेक्स पाइप की मदद से लगातार पानी डालकर आग बुझाने में जुट गये. करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
हालांकि तब तक दुकान में रखी किताबें, कॉपियां, स्टेशनरी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे. दुकान संचालक श्रवण कुमार के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग आठ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. दमकल की देरी पर भड़के लोग घटना की सूचना मिलने के बावजूद अग्निशमन विभाग की गाड़ी करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची. इसे लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. लोगों ने दमकल कर्मियों से जवाब-तलब करते हुए आरोप लगाया कि यदि टीम समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी कम हो सकता था. उन्होंने अग्निशमन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. इधर, सूचना पर सदर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. गनीमत रही कि घटना सुबह के समय हुई. यदि यही आग देर रात लगती. जब पूरा परिवार गहरी नींद में होता, तो किसी बड़ी जनहानि या दर्दनाक हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था. स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस ने एक पूरे परिवार की जान बचा ली. जिसकी शहरभर में सराहना हो रही है.
