बड़ाइक मुहल्ले में अधिवक्ता शीला सिंह के मकान व इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग, सब कुछ जलकर खाक

गुमला के बड़ाइक मुहल्ला में अधिवक्ता शीला सिंह के घर और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग लग गई. गनीमत रही कि घर में कोई मौजूद नहीं था, बड़ा हादसा टला.

गुमला: जिले के शहर के बड़ाइक मुहल्ला स्थित अधिवक्ता शीला सिंह के मकान और उससे जुड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में मंगलवार की शाम अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान और मकान के अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई. हालांकि, आग लगने के कारण इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.

दहशत में आसपास के लोग

बताया जाता है कि आग लगने की घटना शाम करीब सात बजे हुई. बड़ाइक मुहल्ला घनी आबादी वाला क्षेत्र होने के कारण आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. लोगों में आग के आसपास के मकानों तक फैलने की आशंका को लेकर दहशत का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए तत्काल फायर ब्रिगेड की जरूरत महसूस हुई. ये भी पढ़ें: बाइक सवार को बचाने में डिवाइडर से टकराई बस, खलासी गंभीर रूप से घायल

एक घंटे देर से पहुंची फायरबिग्रेड की टीम

स्थानीय निवासी सह पूर्व वार्ड पार्षद ललिता गुप्ता ने घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की सूचना देने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची. दमकल वाहन के पहुंचते ही जवान आग पर काबू पाने में जुट गए. दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया.

घर पर नहीं था कोई सदस्य

बताया गया कि अधिवक्ता शीला सिंह फिलहाल एक दुर्घटना में घायल होने के बाद रांची के एक निजी अस्पताल में इलाजरत हैं। परिवार के सभी सदस्य उनके साथ रांची में हैं। आग लगने की सूचना शीला सिंह और उनके परिजनों को दे दी गई है। घटना के समय घर में किसी सदस्य के मौजूद नहीं रहने के कारण किसी व्यक्ति के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है।

इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में रखा सामान भी जला

आग की चपेट में मकान के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान भी आ गई. दुकान का शटर तोड़कर दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया. आग के कारण दुकान में रखा इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान, फर्नीचर और अन्य सामग्री जलकर बर्बाद हो गई. मकान के अंदर भी काफी नुकसान होने की बात कही जा रही है. आग इतनी भीषण थी कि घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मकान और दुकान में रखा लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया है. हालांकि, आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया है. आग बुझाने के बाद ही नुकसान का विस्तृत आकलन संभव होगा.

एक घंटे की देरी से पहुंची दमकल, उठे सवाल

घनी आबादी वाले शहर के बीच आग लगने की घटना और फायर ब्रिगेड के करीब एक घंटे बाद पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई. लोगों का कहना था कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के कई मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे. संकरी और घनी आबादी वाले इलाके में आग फैलने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था.

आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है


फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है. आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. दमकल कर्मियों द्वारा आग पूरी तरह बुझाए जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.

ये भी पढ़ें: भरनो और पालकोट में वज्रपात से दो पशुओं की मौत, प्रशासन से मुआवजे की मांग


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दुर्जय पासवान

दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >