गुमला : झारखंड के गुमला जिले के रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना क्षेत्र स्थित घोड़ापहाड़ गांव में मंगलवार को मामूली विवाद में एक बुजुर्ग की मौत हो गयी. मृतक की पहचान 59 वर्षीय इदुवा किसान के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के बेटे सुरेंद्र किसान को हिरासत में ले लिया.
जंगल से मवेशियों को चरा कर घर लौटा था
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र किसान मंगलवार को जंगल से मवेशियों को चरा कर घर लौटा था. घर के सामने चट्टान के पास उसके पिता इदुवा किसान बैठे थे. सुरेंद्र ने अपने पिता से बैल को रोकने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया. इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गयी. विवाद बढ़ने पर गुस्से में सुरेंद्र ने अपने पिता को धक्का दे दिया, जिससे इदुवा असंतुलित होकर पास की चट्टान पर जा गिरे.
सिर में गंभीर चोट के कारण हुई मौत
सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही सुरसांग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया.
पुलिस ने आरोपी पुत्र को लिया हिरासत में
पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
