भरनो (गुमला). प्रखंड के अमलिया पंचायत के डहुटोली और अमलिया गांव में सोमवार की रात जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने खेतों में लगी फसलों को रौंदकर किसानों को नुकसान पहुंचाया. अमलिया गांव में हाथी ने किसान पंकज सिंह और मनोहर उरांव की धान की फसल को पूरी तरह रौंदकर बर्बाद कर दिया. वहीं डहुटोली गांव में मनबोध उरांव की मकई और शकरकंद की फसल को नुकसान पहुंचा. चंद्रदेव उरांव की धान की फसल भी हाथी ने बर्बाद कर दी.
रात में गांव में घुसा हाथी
प्रभावित किसानों ने बताया कि रात में हाथी जंगल की ओर से गांव में पहुंचा और खेतों में लगी फसलों को रौंदना शुरू कर दिया. किसानों के अनुसार फसल को काफी नुकसान हुआ है. हाथी के रात में गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोगों को अपनी और खेतों में लगी फसलों की सुरक्षा की चिंता सता रही है. प्रभावित किसानों और ग्रामीणों ने वन विभाग से बर्बाद फसलों का मुआवजा देने और जंगली हाथी से सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है.
ये भी पढ़ें: गुमला में विकास योजनाओं की धीमी रफ्तार पर डीसी सख्त, कहा- काम लटकाकर न बैठें
