गुमला. गुमला शहर में नगर परिषद चुनाव की सरगर्मी तेज हो गयी है. गुरुवार से नामांकन पत्रों की बिक्री पुराने जिला परिषद कार्यालय में शुरू हो गयी है. पहले दिन अध्यक्ष पद का एक और विभिन्न वार्डों के लिए पार्षद पद के 35 नामांकन पत्र बिके. सुबह 10 बजे से तीन बजे तक नामांकन पत्र खरीदने वाले उम्मीदवारों की भीड़ देखी गयी. कई उम्मीदवार समर्थकों के साथ नामांकन पत्र खरीदने पहुंचे. वहीं कुछ उम्मीदवार अपने समर्थक के माध्यम से नामांकन पत्र खरीदे हैं. इधर नामांकन पत्र खरीदने के बाद उम्मीदवार नामांकन करने की तैयारी में जुट गये हैं. दूसरी तरफ कई उम्मीदवार आवश्यक कागजात तैयार करने में लगे हैं, ताकि वे समय पर नामांकन कर चुनाव प्रचार कर सके.
कांग्रेस से अध्यक्ष पद के चार दावेदार
कांग्रेस पार्टी से अध्यक्ष पद के चार दावेदार हैं, जो पार्टी से समर्थन मांगे हैं, ताकि वे नगर परिषद का चुनाव लड़ सके. दावेदारों में हेमावती लकड़ा, ज्योति तिर्की, जासमिन लुगून व सीता देवी शामिल हैं. इन चारों उम्मीदवारों का नाम पार्टी के पदाधिकारियों के पास भेज दिया गया है. इसमें कई उम्मीदवारों के पक्ष में गुमला के नेताओं ने टिकट देने के लिए गुप्त मतदान भी किया है. हालांकि कांग्रेस टिकट किसे देती है, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. कांग्रेस में सभी की नजर अध्यक्ष के लिए किसे टिकट मिलता है. इस पर है. इधर दूसरी तरफ झामुमो ने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह अध्यक्ष पद के लिए किस उम्मीदवार पर दांव खेलेगा. ऐसे बीते चुनाव में अनिल एडवर्ड पन्ना झामुमो के समर्थन से चुनाव लड़े थे. परंतु उन्हें अंदरूनी कलह का शिकार होकर हार का सामना करना पड़ा था. इस बार भी वे चुनाव की तैयारी में थे. परंतु महिला के लिए अध्यक्ष सीट आरक्षित होने पर अनिल एडवर्ड पन्ना इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं. दूसरी तरफ झामुमो के पास शहरी क्षेत्र में कोई ऐसा चेहरा नहीं दिख रहा है, जिसे झामुमो चुनाव मैदान में उतार सके. ऐसे झामुमो दुंदुरिया इलाके से एक महिला उम्मीदवार पर दांव खेलने की तैयारी में है.
