अष्टम उरांव के परिजनों से मिले जिला खेल पदाधिकारी

अष्टम उरांव के परिजनों से मिले जिला खेल पदाधिकारी

गुमला. बिशुनपुर की अष्टम उरांव का भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है. ऑस्ट्रेलिया में एक मार्च से शुरू हो रहे एएफसी महिला एशियन कप के लिए घोषित भारतीय टीम में प्रतिभावान डिफेंडर अष्टम उरांव को स्थान मिला है. यह प्रतियोगिता 21 मार्च तक आयोजित होगी. वर्ष 2027 में ब्राजील में प्रस्तावित फीफा महिला विश्व कप के क्वालीफिकेशन से भी जुड़ी हुई है. जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा है कि हाल के राष्ट्रीय शिविरों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, रक्षण पंक्ति में उनकी सुदृढ़ भूमिका तथा पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके अनुभव को देखते हुए चयनकर्ताओं द्वारा उन्हें टीम में शामिल किया गया है. उक्त उपलब्धि के उपलक्ष्य में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार द्वारा बिशुनपुर प्रखंड के बनारी पंचायत अंतर्गत गोरा टोली गांव स्थित अष्टम उरांव के आवास पर पहुंचकर उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया. भ्रमण के दौरान उनके परिवारजनों से भेंट कर आवश्यकताओं की जानकारी ली. अष्टम उरांव द्वारा पक्का मकान, बोरिंग, शौचालय एवं बाउंड्री वाल निर्माण हेतु अनुरोध किया गया, जिस पर उपायुक्त के निर्देशानुसार अविलंब आवश्यक कार्रवाई एवं सहयोग सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि अष्टम उरांव की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है. उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि अष्टम की सफलता से जिले की अन्य बेटियां भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >