गुमला. जिला खनन टास्क फोर्स गुमला की टीम ने सिसई के उत्तरी बरगांव पंचायत स्थित मौजा कुलंकेरी ने गुरुवार को छापेमारी अभियान चलाया. एसडीओ राजीव नीरज के नेतृत्व में चलाये गये अभियान में डीएमओ विभूति कुमारी, सिसई सीओ व खान निरीक्षक समेत अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे. छापेमारी अभियान के क्रम में टीम ने कुलंकेरी में 6000 घनफीट बालू अवैध रूप से भंडारित पाया. टीम ने भंडारित बालू के संबंध में पूछताछ किये जाने पर बताया गया कि मुन्ना सोनी (पिता- शाहदेव सोनी, ग्राम- कुलंकेरी, थाना सिसई व अन्य व्यक्तियों द्वारा बिना अनुज्ञप्ति के अवैध रूप से बालू उत्खनन कर उसका भंडारण व व्यापार किया जा रहा है. उक्त स्थल पर किसी व्यक्ति के पास वैध भंडारण अनुज्ञप्ति नहीं पायी गयी. इसके बाद टीम ने अवैध भंडारित बालू को जब्त कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू की. इस मामले में एसडीओ ने डीएमओ को बालू के अवैध खनन व भंडारण मामले में संबंधित व्यक्तियों मुन्ना सोनी, बिरिया उरांव व शंकर टाना भगत समेत अन्य के विरुद्ध संबंधित अधिनियमों के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि बालू का अवैध खनन व भंडारण दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है. बालू के अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व की क्षति होती है, बल्कि राष्ट्रीय संपदा का भी ह्रास होता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
