गुमला में ट्रैफिक थाना की स्थापना करने की रखी मांग
गुमला में ट्रैफिक थाना की स्थापना करने की रखी मांग
गुमला. झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स की पांचवीं मासिक बैठक रांची के होटल रेडिशन ब्लू में हुई, जिसमें गुमला के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी के नेतृत्व में गुमला चेंबर की टीम शामिल हुई. इसमें अध्यक्ष राजेश लोहानी, उपाध्यक्ष अभिजीत जायसवाल, कोषाध्यक्ष अजय साहू व सचिव प्रणय कुमार रहे. रमेश ने झारखंड चेंबर के पदाधिकारियों से गुमला टीम का परिचय कराया. रमेश ने बैठक में जनसमस्याओं को लेकर अपने विचार रखें. कहा कि गुमला की सबसे प्रमुख समस्या रेल लाइन की है. वर्षों से सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है. उन्होंने चेंबर को लोहरदगा-बानो रेलवे लाइन जोड़ने के लिए प्रयास करने का अनुरोध किया. कहा कि इससे गुमला के लोगों को रेल की सौगात मिल जायेगी. इसके अलावा 22 साल में 12 किमी बाइपास का निर्माण नहीं हो सका है, जबकि एक से डेढ़ साल में पलमा-गुमला फोर लेन पूरा हो गया. ऐसे में बाइपास की धीमी गति चिंता का विषय है. झारखंड गठन के 25 वर्ष होने के बावजूद गुमला, लोहरदगा, खूंटी व सिमडेगा में ट्रैफिक थाना का निर्माण नहीं हो सका है. यदि ट्रैफिक थाना बन जाता, तो हद तक जाम की समस्या से निजात मिलती और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलती. इस पर पदाधिकारियों ने मांगों को जायज बताते हुए ठोस पहल करने का भरोसा दिलाया.