गुमला. गुमला जिले में शारदीय नवरात्र व दुर्गा पूजा मनाने को लेकर श्रीबड़ा दुर्गा मंदिर के प्रांगण में शहरी क्षेत्र समेत निकटवर्ती गांवों के दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष, सचिव व प्रतिनिधियों की बैठक श्री बड़ा दुर्गा मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष निर्मल कुमार गोयल की अध्यक्षता में हुई. बैठक के प्रारंभ में बड़ा दुर्गा मंदिर के पूजा समिति के सचिव रमेश कुमार चीनी ने पूजा समिति के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए नवरात्र एवं दुर्गा पूजा के दौरान जिला, पुलिस एवं नगरीय प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराये जाने वाले मूलभूत सुविधाओं की ओर ध्यानाकृष्ट कराते हुए उपस्थित सभी पूजा समिति के पदाधिकारियों से सुझाव देने का अनुरोध किया गया. बैठक में उपस्थित सभी पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बिजली, पानी की निर्बाध आपूर्ति समेत साफ -सफाई रखे जाने पर जोर दिया. समिति के पदाधिकारियों ने जिला प्रशासन द्वारा आहूत शांति समिति की बैठक में लिए गये निर्णयों का सही से अनुपालन सुनिश्चित करने की बात कही. पूजा के दौरान शहर के सभी पूजा पंडालों व निकटवर्ती गांवों के पूजा पंडालों व मेला में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रखे जाने बात कही गयी. निर्मल कुमार गोयल ने सद्भावना पूर्ण वातावरण में तथा एक-दूसरे पूजा समिति से सामंजस्य स्थापित करते हुए दुर्गा पूजा मनाने की अपील की. अंत में धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अवधेश गोप ने किया. मौके पर सनातन दुर्गा पूजा समिति, ज्योति संघ, पूजा समिति मालवीय नगर, अरुणोदय संघ, भारतीय नवयुवक संघ, विश्व भारती संघ, पूजा समिति, डुमरडीह, मां भवानी संघ, पूजा समिति खोरा, पूजा समिति, रामनगर, मां देवी पूजा समिति, लक्ष्मण नगर तथा रावण दहन समिति के पदाधिकारी मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
