गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपने व्यक्तिगत समस्याओं व जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को ले उपायुक्त को आवेदन देकर निराकरण की मांग की.
इस दौरान उपायुक्त ने एक-एक सभी आवेदकों की समस्या को गंभीरतापूर्वक सुना. इसके बाद संबंधित अधिकारियों को आवेदकों से प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी व समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है.
उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदनों की गंभीरता से जांच कर शिकायतों के निस्तारण करने तथा योग्य लाभुकों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं व सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराने की बात कही.
