गुमलाः सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल कप के अंडर-17 बालिका वर्ग में गुमला की टीम के तीसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने संत पैट्रिक स्कूल गुमला की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने टीम की कप्तान, कोच एवं प्रशिक्षक बीना केरकेट्टा समेत टीम से जुड़े सभी सहयोगी सदस्यों की भी सराहना की.
प्रतिभा और अनुशासन से रोशन किया जिले का नाम
उपायुक्त ने कहा कि गुमला की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. सुब्रतो कप जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर तीसरी बार चैंपियन बनना पूरे गुमला जिले के लिए गर्व का विषय है. यह उपलब्धि साबित करती है कि जिले की बेटियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की पूरी क्षमता है.
ये भी पढ़ें- Gumla News: गुमला की बेटियों ने रचा इतिहास, मिजोरम को 2-0 से हराकर बनीं सुब्रतो कप राष्ट्रीय चैंपियन
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना
उन्होंने कहा कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया, वह जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है. टीम की सफलता में खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, बेहतर रणनीति, सामूहिक प्रयास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उपायुक्त ने कोच एवं प्रशिक्षक बीना केरकेट्टा के मार्गदर्शन की विशेष सराहना की.
अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन का भी योगदान
उपायुक्त ने कहा कि इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे खिलाड़ियों के अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन तथा टीम को हर स्तर पर सहयोग देने वाले सभी लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है. खिलाड़ियों को मिले निरंतर समर्थन और प्रोत्साहन ने उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई है.
ये भी पढ़ें- नेपाल की बाढ़ में रांची के रामप्रसाद भी लापता, परिजन परेशान
खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रहा जिला प्रशासन
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन गुमला में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रहा है. गुमला की बेटियों की यह ऐतिहासिक उपलब्धि जिले की समृद्ध खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ ही नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी. उन्होंने कहा कि गुमला की बेटियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है. उनकी इस उपलब्धि पर पूरा जिला गर्व महसूस कर रहा है.
