गुमला. साप्ताहिक बाजारटांड़ में प्रस्तावित पानी टंकी निर्माण को लेकर वार्ड पार्षदों ने मोर्चा खोल दिया है. बाजारटांड़ में पानी टंकी के निर्माण में यदि प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की जाती है, तो पार्षद 22 मई से शहीद चौक (टावर चौक) के समीप अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे. वार्ड सात के पार्षद अनिल यादव ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गुमला को ज्ञापन सौंपा है. पार्षद ने ज्ञापन में कहा है कि नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत विश्व बैंक के द्वारा प्रस्तावित जलापूर्ति योजना का एक पानी टंकी बाजारटांड़ में बनना प्रस्तावित है. बीते माह में नप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदों ने क्षेत्र का भ्रमण किया था. इस दौरान पानी टंकी निर्माण स्थल पर अवैध रूप से कुछ दुकानदारों द्वारा मुर्गा व कबाड़ी का व्यवसाय किया जा रहा है. वहां पानी टंकी के निर्माण के लिए नप कार्यालय द्वारा बार-बार नोटिस निर्गत करने के बावजूद उक्त स्थल को खाली नहीं कराया गया है. स्वयं अध्यक्ष व उपाध्यक्ष द्वारा भी स्थल का भ्रमण कर उन्हें हटाने का प्रयास किया गया था. परंतु अब तक उक्त स्थल को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया जा सका है. बीते 13 मई को बोर्ड की बैठक में भी इस मुद्दे में सभी वार्ड पार्षदों ने एकमत से यही प्रस्ताव पारित किया कि उक्त स्थल को जल्द से जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाये. जिसे देखते हुए पत्र के माध्यम से कार्यपालक पदाधिकारी नप गुमला को अंतिम समय दिया गया था कि उक्त स्थल को 17 मई तक अतिक्रमण मुक्त कराया जाये. इसके आलोक में कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा सूचित किया गया कि नप द्वारा उक्त स्थल पर अतिक्रमण हटाने के लिए दंडाधिकारी समेत पर्याप्त संख्या में बल प्रतिनियुक्त करने हेतु अनुरोध किया गया था. परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. यदि शीघ्र ही बाजारटांड़ के संबंधित स्थल से अतिक्रमण हटवाया नहीं जाता है, तो बाध्य होकर सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा 22 मई से शहीद चौक पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे.
पानी टंकी निर्माण को लेकर पार्षदों ने खोला मोर्चा
एसडीओ को ज्ञापन सौंप अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी
