गुमला. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज किये जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने स्थानीय शहीद चौक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने किया.
प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी
पुतला दहन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के समर्थन में भी नारे लगाये.
राहुल गांधी को डराने की कोशिश
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजनील तिग्गा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के खिलाफ गलत तरीके से प्राथमिकी दर्ज कर कांग्रेस की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की मजबूत आवाज से घबरायी हुई है. प्राथमिकी और मुकदमों के जरिए राहुल गांधी को डराया नहीं जा सकता.
राहुल गांधी निशाना बनाया जा रहा है
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं. इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को लगता है कि प्राथमिकी दर्ज कर राहुल गांधी की आवाज दबायी जा सकती है, तो यह उसकी गलतफहमी है.
कथित शुद्धिकरण पर जताया विरोध
राजनील तिग्गा ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंचीय कार्यक्रम के बाद भाजपा और हिंदू संगठनों द्वारा मंच का कथित शुद्धिकरण किये जाने की भी आलोचना की. उन्होंने कहा कि ऐसी घटना पर कार्रवाई करने के बजाय राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करना भाजपा की दोहरी नीति को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि देश में किसी भी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता. कांग्रेस ऐसी मानसिकता का विरोध करती रही है और आगे भी करती रहेगी.
ये भी पढ़ें: गुमला में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में विकास टोप्पो दोषी करार, 14 सितंबर को तय होगी सजा
लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ा है. कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष रोहित उरांव, सीता देवी, मिनहाज खान, संजीव मलानी, गुलाम सरवर, जय सिंह, साहेब वसीम, रफी अली, रूपेश कुमार सन्नी, मंसूब अंसारी, फिरोज आलम, डॉ. चंद्रकिशोर केरकेट्टा, सगीर आलम, अभिषेक सोरेंग, पंचम बिलुंग, राजदीप कुजूर, एजाज अहमद, तूरतन टोप्पो, हर्षराज एक्का, गणेश राम और मुहम्मद मकसूद आलम समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
