गुमला: उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में पर्यटन एवं खेल विभाग से संबंधित संचालित और प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में जिले के पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए सुविधाओं के विस्तार तथा खेल अवसंरचना को मजबूत करने पर जोर दिया गया.
पर्यटन स्थलों के विकास की बनी कार्ययोजना
बैठक में देवकी बाबाधाम, घाघरा, देवगांव शिव गुफा, पालकोट और अंबाघाघ में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की गयी. वहीं आंजन धाम, टांगीनाथ धाम, डुमरी, हीरादह (रायडीह), रॉक गार्डन गुमला और कतरी डैम समेत अन्य पर्यटन स्थलों के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई.
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को गति देने और पर्यटन स्थलों का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
खेल सुविधाओं के कार्यों की भी हुई समीक्षा
खेल विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इंडोर स्टेडियम बसिया में नये वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है. वहीं रायडीह के पतराटोली स्थित बख्तर साय स्टेडियम का जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य 90 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है.
घाघरा के रन्हे खेल मैदान के जीर्णोद्धार, चारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने तथा जल निकासी के लिए नाली निर्माण की प्रक्रिया जारी है. इसके अलावा गुमला के स्वामी विवेकानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में फ्लडलाइट युक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक हॉकी मैदान के निर्माण की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ायी जा रही है.
उपायुक्त ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यटन और खेल दोनों क्षेत्रों में जिले की अपार संभावनाओं को देखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकता है.
बैठक में जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, अभियंता समेत संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे.
