गुमला. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री जनजातीय अति पिछड़ा योजना (पीएम जनमन) की विशेष समीक्षा बैठक सोमवार को हुई. बैठक में पीएम जनमन से संबंधित विभिन्न कार्यों व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. पीएम आवास योजना की प्रगति की समीक्षा में उपायुक्त ने अक्तूबर माह के अंत तक कम से कम 50 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने का निर्देश दिया. साथ ही चैनपुर प्रखंड में कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चैनपुर बीडीओ का वेतन रोकने का निर्देश दिया. बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण को लेकर विशेष चर्चा की गयी. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को वीएलइ स्तर से समन्वय स्थापित कर पात्र लाभुकों के कार्ड शीघ्र बनाने का निर्देश दिया. वहीं जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए आयोजित होने वाले विशेष शिविर से संबंधित तैयारियों की समीक्षा में उपायुक्त ने कहा कि जिले में प्रतिदिन सात हजार आयुष्मान कार्ड निर्माण का लक्ष्य तय किया गया है. उपायुक्त ने योजनाबद्ध तरीके से लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने जल जीवन मिशन, पीएम ग्राम सड़क योजना, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, मल्टीपर्पस रूम व छात्रावास निर्माण कार्यों की समीक्षा की. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 15 नवंबर तक सभी लंबित कार्यों को पूरा किया जाये. बैठक में दीपावली पर्व के बाद दिव्यांग शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में डीडीसी दिलेश्वर महतो, सिविल सर्जन डॉक्टर शंभुनाथ चौधरी, डीडब्ल्यूओ आलोक रंजन, डीएसडब्ल्यूओ आरती कुमारी आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
