प्रेम प्रकाश भगत की रिपोर्ट
डुमरी (गुमला): जिले के डुमरी प्रखंड की जैरागी पंचायत स्थित अंबाटोली उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है. कमरों और बरामदे की छत से प्लास्टर उखड़ गया है और सरिया बाहर निकल आयी है. इसके बावजूद कक्षा पहली से पांचवीं तक के 16 नामांकित बच्चों की पढ़ाई इसी असुरक्षित भवन में करायी जा रही है. ऐसे में कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है.
विद्यालय के प्रधानाध्यापक स्टीफन मुंडा ने बताया कि जर्जर भवन की जानकारी कई बार विभागीय अधिकारियों को दी गयी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. इस बार कम बारिश के कारण किसी तरह पढ़ाई चल रही है, जबकि सामान्य बारिश होने पर स्थिति बेकाबू हो जाती है.
ये भी पढ़ें- आज जमशेदपुर आएंगे मुख्यमंत्री, शहीद निर्मल महतो को देंगे श्रद्धांजलि
अबतक नहीं उठाया गया कोई ठोस कदम
विद्यालय का शौचालय भी बदहाल है. वहीं, स्वच्छ पेयजल की सुविधा नहीं होने के कारण बच्चे कुएं का पानी पीने को मजबूर हैं. करीब एक वर्ष पूर्व डुमरी बीडीओ और जेई जयंत उरांव ने विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
हाल ही में पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि ने भी विद्यालय का निरीक्षण किया और नये भवन के निर्माण का भरोसा दिलाया है. ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने प्रशासन से विद्यालय के नये भवन का निर्माण कराने, शौचालय की मरम्मत कराने और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था अविलंब करने की मांग की है.
ये भी पढ़ें- चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चेंबर प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी से की चर्चा
