छठ पूजा की सामग्रियों का सजा बाजार, खरीदारी शुरू

25 अक्तूबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा छठ महापर्व

गुमला. शुद्धता, पवित्रता व आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ की तैयारियां शुरू हो गयी हैं. इसको लेकर जहां छठव्रतियों ने पूजा सामग्रियों की खरीदारी शुरू कर दी है, वहीं विभिन्न छठ पूजा समितियों ने छठ घाटों की साफ-सफाई का काम शुरू का दिया है. नगर परिषद गुमला के सफाई कर्मियों ने गुमला शहरी क्षेत्रों के छठ घाटों की सफाई की जा रही है. छठ महापर्व का शुभारंभ 25 अक्तूबर (शनिवार) को नहाय-खाय (कद्दू भात) के साथ होगा. वहीं 26 अक्तूबर (रविवार) को खरना (खीर भोजन) होगा. इसके बाद 27 अक्तूबर (सोमवार) को शाम में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ दिया जायेगा और 28 अक्तूबर (मंगलवार) को उदीयमान सूर्य को अर्घ के साथ महापर्व का समापन होगा. भगवान सूर्य नारायण को साक्षात देव माना गया है. कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष चतुर्थी तिथि से लेकर सप्तमी तिथि तक छठ पूजा का पर्व मनाया जाता है. इस महापर्व में सूर्य भगवान और छठ माता की पूजा श्रद्धा व विश्वास से किया जाता है. महापर्व में शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाता है. व्रत करने वाले 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं. व्रत को करने से संतान की प्राप्ति, यश, कीर्ति, वैभव, धन-धन्य, आयु व आरोग्य जीवन जैसी मनोकामनाएं पूरी होती हैं. इधर छठ पूजा को लेकर पूजन सामग्रियों का बाजार सज गया है. लोग पूजन सामग्रियों की खरीदारी शुरू कर दी है. छठ पूजा को लेकर बाजार में सूप, दऊरा, बेना, केला, सेब, संतरा, नारियल, पानी फल, अनार, अनानस, केतारी, डांभा, कबरंगा, आंवरा, सुपनी, मटर, अदरक, हल्दी समेत अन्य पूजन सामग्रियां उपलब्ध हैं.

सूप और दउरा की कीमत में तेजी

इस वर्ष छठ पूजा में सूप व दउरा की कीमत में तेजी है. बीते वर्ष बाजार में सूप तीन साइज व दउरा चार साइज का उपलब्ध था, जिसमें सूप 80 रुपये से लेकर 150 रुपये तथा दउरा 150 रुपये से लेकर 300 रुपये प्रति पीस की दर से बिक्री हुई थी. लेकिन इस वर्ष सूप दो साइज व दउरा पांच साइज का उपलब्ध है, जिसमें सूप 150 रुपये व 200 रुपये प्रति पीस की दर से व दउरा छोटा से बड़ा क्रमश: 200, 250, 300, 400 व 500 रुपये प्रति पीस की दर से बिक्री हो रही है. वहीं बेना प्रति पीस 20 व 30 रुपये तथा टोकरी 30, 40, 50 व 200 रुपये प्रति पीस की दर से बिक रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >