गुमलाः इंडियन चेंबर्स ऑफ कॉमर्स फॉर एससी-एसटी वूमेन एंटरप्रेन्योर्स, नयी दिल्ली के नेशनल प्रेसिडेंट सुबीर पॉल और महासचिव हेमा एक्का गुमला पहुंचे. इस दौरान चेंबर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने उनसे मुलाकात कर उद्यमिता, रोजगार और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की.
ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर
शिष्टाचार भेंट के दौरान सुबीर पॉल ने देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिला उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में प्रतिभा व उद्यमिता की कमी नहीं है, लेकिन उचित मार्गदर्शन, वित्तीय सहायता, बाजार तक पहुंच, तकनीकी प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पाती हैं.
ये भी पढ़ें- झारखंड के 35 हजार स्कूलों में कल से शुरू होगा राष्ट्रीय खेल दिवस आयोजन
उन्होंने स्थानीय स्तर पर युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार व उद्योग से जोड़ने की जरूरत बतायी. इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र के आर्थिक व सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी. उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे आदिवासी बहुल राज्य में स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कौशल, लघु व कुटीर उद्योगों और महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़कर विकास को नई दिशा दी जा सकती है.
बैंक ऋण की सुविधा आसान बनाने की जरूरत
रमेश कुमार चीनी ने कहा कि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास करने की जरूरत है. सरकार की ओर से कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन पात्र लोगों को उनका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने कहा कि बैंक ऋण उपलब्ध कराने में भी उद्यमियों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. उन्होंने युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने और ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जताई.
