गुमला. सदर थाना के लोहरदगा रोड दुंदरिया के पास शनिवार अपराह्न सड़क हादसा हो गया. नशे में धुत एक कार चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पर जा रहे दो बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया. बाइक को जोरदार टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार सीधे सड़क किनारे स्थित गुरु टेंट हाउस में जा घुसी. दुर्घटना के वक्त दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे हादसा टल गया, हालांकि टेंट हाउस का काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया है. हादसे में बाइक सवार वीरेंद्र उरांव, सूरज उरांव और कार चालक जगरनाथ उरांव गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गयी है. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज कर लिया है.
सड़क हादसे में बाइक सवार युवक घायल
जारी. थाना क्षेत्र के बुमतेल गांव के समीप स्थित तीखा मोड़ पर शनिवार को एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर कर घायल हो गया. घायल युवक की पहचान जारी प्रखंड के बरवाडीह निवासी अभिषेक बड़ाइक (28) के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीखे मोड़ पर बाइक सवार अचानक अपना संतुलन खो बैठा, जिसके दुर्घटना हुई. घटना की जानकारी मिलते जारी थाना प्रभारी शनि कुमार तुरंत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच घायल युवक को चैनपुर सीएचसी पहुंचाया. समय पर अस्पताल पहुंचने से युवक को तत्काल आपातकालीन चिकित्सा और उपचार मिल सका, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.
