आरिफ हुसैन अख्तर की रिपोर्ट
गुमला . गुमला शहर के गौस नगर में जीजा, पत्नी और साली के रिश्ते से जुड़ा एक मामला चर्चा में है. साली ने अपने जीजा के साथ कोर्ट मैरिज करने और उसके द्वारा मांग में सिंदूर भरने का दावा किया है. मामला सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया और बात थाने तक पहुंच गई.
साली ने खुद को बताया जीजा की पत्नी
बताया जा रहा है कि जीजा और साली के बीच चल रहे रिश्ते की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं थी. शुक्रवार को जब पत्नी को इसकी जानकारी मिली, तो घर में विवाद शुरू हो गया. पत्नी ने साली को घर से बाहर कर दिया. इसके बाद साली थाना पहुंची और खुद को जीजा की पत्नी बताते हुए न्याय की मांग की.
जीजा ने स्वीकार की शादी की बात
मामला थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने पति और पत्नी को बुलाकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान पति ने कथित तौर पर साली के साथ शादी करने की बात स्वीकार की. पति ने दोनों महिलाओं को पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए उन्हें साथ रखने की बात कही. इसके बाद पत्नी ने दूसरी शादी के फैसले का विरोध किया और अपने वैवाहिक रिश्ते को बचाने की बात कही.
अलग-अलग घर में रखने का प्रस्ताव
विवाद को शांत कराने के लिए समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया. बताया जाता है कि पति ने पत्नी को अपने घर में और साली को अलग किराये के मकान में रखने का प्रस्ताव भी दिया. हालांकि, साली इस प्रस्ताव से सहमत नहीं हुई. उसका कहना था कि उसने जीजा के साथ कोर्ट मैरिज की है और जीजा ने उसकी मांग में सिंदूर भरा है. इसलिए वह अपने कथित पति के साथ उसी के घर में रहना चाहती है.
वहीं पत्नी अपने वैवाहिक रिश्ते को खत्म करने के पक्ष में नहीं है. वह पति के साथ अपना रिश्ता बनाए रखना चाहती है.
घंटों चला समझाने-बुझाने का दौर
मामले को सुलझाने के लिए थाने में काफी देर तक पति, पत्नी और साली के बीच समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा. हालांकि, किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद तीनों अपने-अपने घर लौट गए.
मामला शहर में चर्चा का विषय
फिलहाल मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. पत्नी अपने वैवाहिक रिश्ते को बचाने की कोशिश में है, जबकि साली खुद को जीजा की पत्नी बताते हुए उसके साथ रहने की मांग कर रही है. पति दोनों को साथ रखने की बात कह रहा है.
मामले में सामने आए दावों की कानूनी स्थिति और आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
