गुमला: संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष पर भाजपा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में समरसता संकल्प अभियान चलायेगी. अभियान को लेकर गुमला जिला भाजपा की ओर से स्थानीय होटल बिंदेश में मंगलवार को प्रेसवार्ता की गयी. इसमें पूर्व जिलाध्यक्ष अनूप चंद्र अधिकारी ने अभियान की रूपरेखा और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी.
अनूप चंद्र अधिकारी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे. उन्होंने सामाजिक समानता, सद्भाव, मानवता, सेवा और भेदभाव रहित समाज का संदेश दिया. कहा कि गुरु रविदास के बेगमपुरा दर्शन में ऐसे समाज की कल्पना की गयी है, जहां दुख, पीड़ा, अन्याय, शोषण और भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो.
भाजपा का उद्देश्य उनके विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है. उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव के आयोजन से होगी. इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान चलाया जायेगा. इस दौरान गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देशभर के राज्यों, जिलों और मंडलों तक पहुंचाये जायेंगे.
इसके अलावा पांच अक्टूबर से पांच नवंबर तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जायेगी. यह यात्रा जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू होकर वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर तक पहुंचेगी. यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान चलाकर युवाओं और विद्यार्थियों को गुरु रविदास के जीवन, सामाजिक न्याय, समानता और समरसता के संदेश से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा. प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष विनय कुमार लाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अनूप चंद्र अधिकारी, जिला महामंत्री संदीप प्रसाद, हरिहर साहू और रमेश राम उपस्थित थे.
