सिसई. भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गुमला के अध्यक्ष सह उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देशानुसार गुरुवार को बैद्यनाथ जालान महाविद्यालय, सिसई में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अमिताभ भारती, प्रधान सहायक सुरेश साहु और अर्थपाल डॉ. निसार अहमद ने स्वयं रक्तदान कर किया. प्राचार्य प्रो. अमिताभ भारती तथा सदर अस्पताल गुमला के सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी ने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए बताया कि 18 से 60 वर्ष का कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है.
रक्तदान से एक व्यक्ति चार से सात लोगों की जान बचा सकता है. शिविर में प्राचार्य प्रो. अमिताभ भारती ने 75वीं बार तथा 59 वर्षीय प्रधान सहायक सुरेश साहु ने भी रक्तदान कर सभी के समक्ष अनूठी मिसाल पेश की. शिविर के दौरान एनसीसी कैडेटों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से कुल 24 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया.
इस अवसर पर डॉ. निसार अहमद, डॉ. रंजीत कुल्लू, डॉ. प्रवीण बसंती, प्रो. सोनिया कुमारी, प्रो. खुशबू लकड़ा, डॉ. अरुण कुमार दास, प्रो. कृष्णा कुमार आर्या, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सुनील कुमार, रेड क्रॉस सह-सचिव अशोक जायसवाल व शशि प्रिया बंटी सहित महाविद्यालय के कई शिक्षक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
