निरीक्षण में बंद मिला डोंबा का आयुष्मान आरोग्य मंदिर

निरीक्षण में बंद मिला डोंबा का आयुष्मान आरोग्य मंदिर

भरनो. एलआरडीसी राजीव कुमार ने शुक्रवार को भरनो प्रखंड की डोंबा पंचायत में आंगनबाड़ी सेंटर, स्कूल, आयुष्मान आरोग्य मंदिर व मनरेगा कूप का निरीक्षण किया. आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण में एलआरडीसी ने आरोग्य मंदिर बंद पाया. वहां स्वास्थ्य विभाग का कोई कर्मी भी नहीं थे, जिसे एलआरडीसी ने गंभीरता से लिया. उन्होंने कहा कि सीएचओ व एएनएम को शोकॉज किया जायेगा. आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण में एलआरडीसी ने देखा कि आंगनबाड़ी केंद्र सड़क किनारे हैं, जहां छोटे-छोटे बच्चे खेल रहे थे. एलआरडीसी ने दुर्घटना की संभावना व्यक्त करते हुए पंचायत सचिव को केंद्र का बांस से घेराव करने का निर्देश दिया. पानी की समस्या को देखते हुए जलमीनार को बनवाने का निर्देश दिया. स्कूल के निरीक्षण में एलआरडीसी ने स्कूल में शिक्षण कार्य का जायजा लिया. प्रधानाध्यापक ने स्कूल की चहारदीवारी कराने तथा दूसरे स्कूल में स्थानांतरित किये गये शिक्षक को पुन: स्कूल में पदस्थापना कराने की मांग रखी. मनरेगा कूप के निरीक्षण में बताया गया कि कूप का निर्माण कार्य तो पूर्ण हो गया है. लेकिन अब तक मेटेरियल का भुगतान लंबित है. इस पर एलआरडीसी ने प्रखंड कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिये. मौके पर बीपीओ मो वसीम, जेइ ब्रजेश उरांव, पंचायत सचिव बासुदेव राय, मुखिया पूजा कुमारी आदि कर्मी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >