गुमला : गुमला धर्मप्रांत के केंद्रीय काथलिक सभा अध्यक्ष सेत कुमार एक्का ने दोपहिया वाहन चालकों से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि इन दिनों गुमला क्षेत्र में दोपहिया वाहन चलाते समय मोबाइल को कान से लगाकर बात करने के मामले बढ़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि एक हाथ में वाहन का हैंडल और दूसरे हाथ में मोबाइल लेकर गाड़ी चलाना सीधे तौर पर दुर्घटना को न्योता देना है. यह बेहद लापरवाहीपूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने कहा कि चिंता की बात यह है कि युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग, महिलाएं और युवतियां भी कान से मोबाइल लगाकर गर्दन टेढ़ी कर स्कूटी चलाती नजर आती हैं.
सेत कुमार एक्का ने छात्रों, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और युवतियों समेत सभी वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें. उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही से खुद के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है.
