गुमला. अंजुमन इस्लामिया गुमला के सत्र 2026-29 के आम चुनाव को लेकर चुनाव कमेटी ने बुधवार, 13 अगस्त को अंजुमन इस्लामिया अस्पताल सभागार में अधिसूचना जारी कर दी. मुख्य चुनाव पदाधिकारी मुर्शिद हनीफ ने प्रेस वार्ता में बताया कि 20 से 22 अगस्त तक नामांकन फार्म की बिक्री होगी तथा 23 से 25 अगस्त तक नामांकन पत्र जमा किये जायेंगे.
इसके बाद 27 अगस्त को स्क्रूटनी, 28 अगस्त को नाम वापसी और 29 अगस्त को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जायेगा. सभी प्रक्रियाएं शाम सात से रात नौ बजे तक चुनाव कार्यालय में संपन्न होंगी.
चुनाव प्रचार की अंतिम तिथि 11 सितंबर तय की गयी है. इसके पश्चात 13 सितंबर (रविवार) को सुबह आठ से शाम चार बजे तक गुप्त मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा. उसी दिन शाम सात बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किये जाएंगे. प्रेस वार्ता में मो. आशिक अंसारी, खलील अशरफी, इरफान अली सहित चुनाव कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे. मुख्य चुनाव पदाधिकारी ने शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिये समुदाय से सहयोग की अपील की है.
