गुमला. मोटर दुर्घटना दावा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गयी. झालसा, रांची के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन व पर्यवेक्षण में हुई. उद्घाटन अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-3 संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया.
उन्होंने कहा कि दुर्घटना पीड़ितों और उनके परिवारों को समय पर राहत दिलाने के लिए मामलों का शीघ्र निष्पादन जरूरी है. इसके लिए पुलिस, परिवहन विभाग, बीमा कंपनियों और न्यायिक प्रक्रिया से जुड़े हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. उन्होंने लंबित मामलों की संख्या कम करने, जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया, ताकि पीड़ितों को विधिसम्मत मुआवजा समय पर मिल सके.
हिट एंड रन मामलों के प्रावधानों की दी जानकारी
डालसा सचिव रामकुमार लाल गुप्ता ने पीड़ितों को उपलब्ध विधिक सहायता व मुआवजा व्यवस्था की जानकारी दी. थाना प्रभारियों व अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि जांच में किसी दावे के फर्जी होने की जानकारी मिलने पर उसे चिह्नित कर संबंधित समिति के समक्ष रखा जाये.
कार्यशाला में एसडीपीओ सुरेश यादव, डीएसपी मुख्यालय अर्चना स्मृति खलखो, डीएलएसए कर्मचारी प्रकाश पांडे, सदर थाना प्रभारी दिनेश कुमार सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी व अनुसंधानकर्ता, परिवहन विभाग के पदाधिकारी और अन्य हितधारक मौजूद थे.
