डुमरी. डुमरी प्रखंड के गनीदरा गांव में आदिम जनजाति परिवारों की विशेष बैठक जुरमू मुखिया प्रदीप मिंज की अध्यक्षता में सोमवार को हुई. बैठक का उद्देश्य सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाना और उन्हें योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करना था. मुखिया प्रदीप मिंज ने कहा कि सरकार आपलोगों के विकास के लिए कई योजनाएं चला रही हैं. हम सब इन योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठायें. मुखिया ने शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि सभी माता-पिता अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि आनेवाली पीढ़ी शिक्षित होकर समाज में आगे बढ़ सकें. महाशक्ति महिला विकास समिति की सचिव अनिता देवी ने आदिम जनजाति परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी. कहा कि सरकार की नीतियों व योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा, जब हम सभी जागरूक होंगे. बैठक के दौरान आदिम जनजाति परिवारों ने खेती के लिए आलू, दलहन, तिलहन समेत अन्य बीजों की व्यवस्था कराने की मांग रखीं, जिस पर भूमि संरक्षण विभाग के जूनियर इंजीनियर रौनक मेहता ने बताया कि विभाग की ओर से आदिम जनजाति परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाएं चलायी जा रही हैं. इसके तहत योग्य परिवारों को ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, पंप सेट व अन्य कृषि उपकरण उपलब्ध कराये जायेंगे, जिससे आजीविका सुदृढ़ होगी. बैठक में अशोक गुप्ता, भागवत साहू, बसंती एक्का, मनिता कोरवा, बालेश्वर कोरवा, अशोक कोरवा, कुलदीप कोरवा, राजू कोरवा आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
