गुमला: गुमला शहर और सदर थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स का एक प्रतिनिधिमंडल सदर थाना प्रभारी विनय कुमार से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर थाना प्रभारी के साथ विस्तार से चर्चा की.
चोरी की घटनाएं बेहद चिंताजनक- चेंबर
चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने कहा कि सदर क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. उन्होंने नशाखोरी को चोरी की घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए इसके खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग की. साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों पर रात्रि गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने और बीट पुलिसिंग व्यवस्था को सुचारू करने का आग्रह किया.
ये भी पढ़ें- गढ़सारू पहाड़ की गुफा में विराजमान हैं प्राचीन शिवलिंग, सावन में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
लोगों से पुलिस के सहयोग करने की अपील
सदर थाना प्रभारी विनय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है. उन्होंने असामाजिक तत्वों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिया. साथ ही आम लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की.
मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष राजेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष दामोदर कसेरा, उपाध्यक्ष बबलू वर्मा व अभिजीत जायसवाल, सचिव प्रणय कुमार साहू, पीआरओ प्रतीक कुमार अग्रवाल व रितेश गुप्ता और कार्यकारिणी सदस्य पंकज खंडेलवाल सहित कई सदस्य उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें- टूटे बिजली तार की चपेट में आने से किसान की मौत, खेत में मेढ़ बनाने गया था मृतक
