अंजनी के लाल का दर्शन कर हुए निहाल

आंजनधाम में न नक्सली खौफ और न कोई भय सुबह छह बजे से भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी आंजन में 17 हजार से अधिक भक्तों ने पूजा की गुमला : गुमला से 21 किमी दूर पहाड़ व जंगल के बीच स्थित आंजनधाम बुधवार को रामभक्तों से पटा हुआ था. घोर उग्रवाद इलाका, तेज धूप, […]

आंजनधाम में न नक्सली खौफ और न कोई भय
सुबह छह बजे से भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी
आंजन में 17 हजार से अधिक भक्तों ने पूजा की
गुमला : गुमला से 21 किमी दूर पहाड़ व जंगल के बीच स्थित आंजनधाम बुधवार को रामभक्तों से पटा हुआ था. घोर उग्रवाद इलाका, तेज धूप, कंठ सूख रहे थे, रास्ता खराब. फिर भी लोगों में उत्साह था. श्रीराम भक्त हनुमान की जन्मस्थली आंजनधाम जयश्री राम व बजरंग बली के उदघोष से गूंज उठा.
आंजनधाम में हजारों भक्तों ने माथा टेका. सुख-शांति व समृद्धि के लिए प्रार्थना की. अवसर था रामनवमी का. सुबह छह बजे से ही भक्तों की भीड़ पहाड़ की चोटी पर स्थित मुख्य मंदिर व आंजन गांव के मंदिर में उमड़ने लगी थी. देर शाम तक पूजा-पाठ का दौर चला. अन्य वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष भक्तों की भीड़ काफी देखी गयी. न नक्सली खौफ न किसी का भय.
भक्त बेखौफ अंजनी मां व हनुमान के दरबार पहुंचे. लोगों ने भक्तिभाव के साथ पूजा पाठ की. मुख्य मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. माता अंजनी की गोद में बैठे बालक हनुमान का आकर्षक ढंग से श्रृंगार किया गया था. आंजन का पूरा जंगल घंट, शंख की आवाज से गूंज उठा. पवन पुत्र हनुमान, माता अंजनी की जय, जय श्रीराम, जय बजरंग बली..,आदि उदघोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा.
पुराने अस्त्र-शस्त्र की पूजा की :
आंजन गांव में प्राचीन अखाड़ा है. यहां 200 वर्षों से पूजा करने की प्राचीन परंपरा जीवित है.परंपरा के अनुसार, आदिवासी समाज के लोग यहां हनुमान की तरह लंगोटा बांध कर पूजा करते हैं. पूजा करने वालों ने बताया कि यहां हमारे पूर्वजों ने वीर हनुमान की पूजा शुरू की थी. पुराने अस्त्र-शस्त्र की पूजा की भी प्राचीन परंपरा है. लगभग 200 वर्षो से यहां पूजा हो रही है. पहले हमारे बाप-दादा करते थे. अब हमलोग इसे जीवित रखे हैं. हमारे बाद आने वाली पीढ़ी यहां पूजा पाठ करेगी.
मेला में बही भक्ति की बयार :आंजन गांव में ऐतिहासिक रामनवमी मेला का उदघाटन पांच बजे किया गया. मेला में 15 हजार से भी अधिक लोगों ने भाग लिया और एक स्वर में हनुमान का जयघोष किया.
मेला में आये लोगों ने पहले वीर हनुमान व अन्य देवी-देवताओं का दर्शन कर पूजा पाठ की. इसके बाद मेला में घूम कर मनोरंजन किया. मेला देर रात तक चला. मेला में आंजन, कांसीटोली, चीरोडीह, ऊपर आंजन, जेना, डुमरडीह, गढ़टोली, हुरहुरिया, चुगली, हरनाखाड़, मरवा, गानी, चैनपुर, सेमरडीह, दाड़टोली, डुमरला, श्रीपुर, बेहराटोली, कुलही, मड़वा, माड़ापानी व बेतरटोली गांव के लोग भाग लिये. इधर, आंजनधाम में भंडारा व भजन कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. आंजनधाम विकास समिति के लोगों ने हजारों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद बांटा. अन्य लोगों के अलावा भाजपा जिला युवा अध्यक्ष मिशिर कुजूर व विकास सिंह भी थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >