बिशुनपुर : प्रखंड कार्यालय परिसर में झारखंड जेनरल कामगार मजदूर यूनियन की ओर से शुक्रवार को धरना- प्रदर्शन किया गया. अध्यक्ष सानिया उरांव ने कहा कि हम सभी आदिवासी जमीन दाता रैयत हैं. हमारे पूर्वज बंजर भूमि को खेती योग्य बना कर मकई, गोंदली व मडुवा उगाते थे. जहां कंपनी के लोगों ने अस्थायी नौकरी देने के नाम पर हमसे हमारी जमीन छीन ली और बॉक्साइट उत्खनन कर रहे हैं. हमारे लोगों को कंपनी स्थायी नौकरी का आश्वासन देकर मशीन से काम करा रही है.
मजदूरी भुगतान भी बहुत कम किया जा रहा है. न ही अच्छा स्कूल खोला गया है. कंपनी हम गरीब आदिवासी मजदूरों का शोषण कर रही है. कंपनी के लोग सारा सोना हमारी जमीन से निकाल कर दूसरी जगहों पर भेज रहे है. प्रखंड में भी बंगला एक्शन प्लान जैसी योजनाओं पर भी मशीन से काम कराया जा रहा है, जिससे मजदूरों के हाथो को काम नहीं मिल रहा है. इस कारण मजदूरों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. मौके पर जिला सचिव सुरेश प्रसाद यादव, रविनंदन असुर, मंगलेश्वर असुर, सुरेंद्र मुंडा, अर्जुन खेरवार, गणेश उरांव, मंगरा उरांव व लालू उरांव सहित कई मजदूर मौजूद थे.
