प्रशासन की कार्रवाई. 30 दुकानों में छापा 16 दुकानदारों को नोटिस
प्रशासन की कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप
कई दुकानदार दुकान बंद कर खिसक गये.
गुमला : गुमला शहर में बुधवार को प्रशासन ने सभी बूचड़खाने, मीट व मुर्गा दुकानों को बंद करा दिया. 30 से अधिक दुकानों में छापा मारा गया. सभी दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
16 दुकानदारों को नोटिस दिया गया है. जबतक दुकानदार एनओसी व लाइसेंस नहीं लेते हैं, दुकान बंद रहेगी. एसडीओ कृष्ण कन्हैया राजहंस ने 72 घंटे के अंदर दुकान चलाने के लिए एनओसी व लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दुकानदारों को दिया है. बिना एनओसी व लाइसेंस दुकान चलाने पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज होगी. ज्ञात हो कि सरकार ने सभी अवैध बूचड़खाने व वधशाला को बंद करने का निर्देश जारी किया है. प्रभात खबर ने गुमला जिले में चलने वाले बूचड़खाने व मीट दुकानों की पूरी जानकारी बुधवार के अंक में प्रकाशित किया है. इसके बाद छापामारी शुरू की गयी है. छापामारी दल का नेतृत्व एसडीओ कृष्ण कन्हैया राजहंस कर रहे थे. दल में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रामाशंकर राम, गुमला के अंचल अधिकारी महेंद्र कुमार, थाना प्रभारी राकेश कुमार, एएसआई सियाराम पासवान सहित कई पुलिस पदाधिकारी थे.
अधिकारियों के दल ने बाजार टांड़, बस पड़ाव, दुंदुरिया, जशपुर रोड टंगरा बाजार में लगने वाली दुकानों में छापा मारा. प्रशासन ने सभी दुकानों को बंद करा दिया है. इधर, दुकान बंद होने के बाद दुकानदार रोजी रोटी की दुहाई दे रहे हैं. एसडीओ ने कहा कि सरकार के आदेश पर कार्रवाई कर रहे हैं. छापामारी की सूचना पर कई दुकानदार पहले ही दुकान बंद करके खिसक गये.
