नशापान से दूर रहने का आह्वान
शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया
गुमला : माता शबरी जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति गुमला के तत्वावधान में विंध्याचल नगर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मुख्य अतिथि जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड झारखंड के उपाध्यक्ष सह समाजसेवी डॉ अरूण उरांव ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया. उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए नशापान का त्याग करें.
नशापान समाज को खोखला बना देता है. नशापान का कुप्रभाव भले ही ऊपर से न दिखायी दे, लेकिन वह अंदर ही अंदर लोगों को धीरे-धीरे खत्म करता रहता है. ऐसे में नशापान का त्याग करना बहुत जरूरी है. समाज को आगे ले जाना है और बच्चों का भविष्य बेहतर बनाना है, तो नशापान का त्याग करना होगा और शिक्षा से नाता जोड़ना होगा. कई जगहों पर देखा जाता है कि लोग बेटी की अपेक्षा बेटे की अच्छी शिक्षा को ज्यादा महत्व देते हैं, जो गलत है. बेटा जिस प्रकार हमारा खून होता है, उसी प्रकार बेटी भी हमारी ही खून होती है, इसलिए दोनों को एक नजर से देखें और सामान शिक्षा दें. विशिष्ट अतिथि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष दुलाल भुईयां ने कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन से माता शबरी के नाम से विद्यालय खुलवाने की मांग की. कहा कि भुईयां समाज काफी पिछड़ा हुआ है. इस पिछड़े समाज के उत्थान की दिशा में बहुत सारा काम करना है. उन बहुत सारे कामों की अहम कड़ी शिक्षा है, क्योंकि शिक्षा हमें सभ्य और जागरूक नागरिक बनाता है.
विद्यालय खुलने से भुईयां समाज सहित अन्य समाज के बच्चे भी लाभान्वित होंगे. भाजपा महिला मोरचा की जिलाध्यक्ष सह वार्ड पार्षद शैल मिश्र ने कहा कि सरकार की ओर से विभिन्न प्रकार की योजनाएं चलायी जाती है, लेकिन समाज के कई लोग जानकारी और जागरूकता के अभाव में लाभ नहीं उठा पाते हैं. इन समस्याओं का समाधान शिक्षा के माध्यम से होगा. इस अवसर पर विष्णु राम, लक्ष्मी राम, उत्तम राम, मुकेश राम, विक्रम राम, निर्मल गोयल, अशोक त्रिपाठी, बाघंबर ओहदार, राजन बड़ाइक, अजीत विश्वकर्मा, राजेश राम व भिखेश्वरी नागमणि सहित कई लोग उपस्थित थे.
