डुमरी(गुमला) : डीसी श्रवण साय व एसपी चंदन कुमार झा ने गुरुवार को डुमरी प्रखंड का दौरा किया. दौरे के क्रम में अधिकारियों ने पुलिस कैंप के नजदीक पड़ने वाले पांचों गांवों की भौगोलिक व अब तक हुए विकास की स्थितियों का जायजा लिया. बताया गया कि 13 फोकस एरिया डेवलपमेंट प्लान की राशि से डुमरी, चैनपुर व कुरूमगढ़ में पुलिस व सीआरपीएफ कैंप के निकट वाले पांच-पांच गांवों का विकास किया जायेगा. डीसी ने जैरागी गांव में हो रहे अवैध उत्खनन के मामले पर कहा कि यहां बगैर लीज के वनभूमि पर अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ शीघ्र ही कार्रवाई होगी. प्रखंड के जैरागी में सैकड़ों एकड़ वनभूमि पर पत्थर का खनन किया जा रहा है. हाइकोर्ट के पर्यावरण बचाव मुहिम के तहत दिये गये फैसलों का यहां उल्लंघन किया जा रहा है. अवैध उत्खनन के सवाल के जवाब में कहा कि मामले की जांच बीडीओ, सीओ, एसडीओ, थानेदार एवं वन विभाग करेंगे. जांचोपरांत मामले पर कार्रवाई की जायेगी.
रोकड़ बही अद्यतन करने का निर्देश
प्रखंड कार्यालय निरीक्षण के बाद डीसी श्रवण साय ने पत्रकारों से कहा कि यहां नजारत की स्थिति अच्छी नहीं है. रोकड़ बही अद्यतन नहीं है. इसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है. प्रखंड कार्यालय के लिए नाजिर की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. इसके अलावा प्रखंड में पुराने मदों में शेष बची राशि भी सेरेंडर किया जायेगा. प्रखंड कार्यालय के रोकड़ पुस्त व बैंक में बची राशि की भी डीसी ने अद्यतन रिपोर्ट मांगी है. प्रत्येक माह के अंत में व्यय की गयी राशि का वेरीफिकेशन का निर्देश दिया.
