गुमला : गुमला जिला अंतर्गत सिसई थाना क्षेत्र के पंडरानी गांव में बार्बरिक प्रोजेक्ट लिमिटेड के कैंप पर बुधवार की आधी रात को पीएलएफआइ के हथियारबंद उग्रवादियों ने हमला बोल सड़क का काम बंद करा दिया है. सड़क का निर्माण 84 करोड़ रुपये से सिसई से घाघरा तक हो रहा है. उग्रवादियों ने पर्ची देकर लेवी की मांग की है. लेवी नहीं मिलने तक काम बंद रखने की धमकी दी है. उग्रवादियों ने कैंप में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी किया है. जानकारी के अनुसार बुधवार की रात 12 बजे दस की संख्या उग्रवादी कैंप पहुंचे और फायरिंग करते हुए पहरा दे रहे लोगो को कब्जे में कर मुंशी का दरवाजा खुलवाया और कनपटी में पिस्तौल सटा कर कहा पूर्व में दो दिसंबर को पर्चा देकर संपर्क करने को कहा था.
जानकारीके मुताबिक उधर से यह भी कहा गया है कि बात पर ध्यान नहीं दिया और 24 घंटे के अंदर संपर्क नहीं किया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. यह कहते हुए रांची गुमला लोहरदगा कमेटी सबजोनल कमांडर अमरजीत उरांव के नाम मुंशी को पर्चा देकर चलते बने. यह सड़क सिसई सहिजाना, घाघरा तक लगभग 35 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 84 करोड़ लागत से बार्बरीक कम्पनी द्वारा बनाया जा रहा है. जिसका कैंप पंडरानी गांव में है. समाचार लिखे जाने तक थाना में प्राथमिक दर्ज नहीं किया गया था. घटना की जानकारी के बाद एएसपी सरोज कुमार, एसडीपीओ बच्चन देव कुजूर, थाना प्रभारी अजय कुमार ठाकुर, दलबल के साथ घटनास्थल स्थल पहुंच कर घटना की जानकारी ली और उग्रवादियों की धर पकड़ के लिए छापामारी की. लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
