ठेकेदार मजदूरों से पत्थर तुड़वा रहे हैं
जान हथेली पर रख पहाड़ तोड़ रहे मजदूर
डुमरी(गुमला) : डुमरी प्रखंड के जैरागी गांव के जैरागी टोंगरी में अवैध खनन से वन व पर्यावरण को नुकसान हो रहा है. वहीं स्थानीय मजदूर कुछ पैसों के लिए अपनी जान हथेली पर रख कर पत्थर तोड़ रहे हैं. यह सब कार्य स्थानीय ठेकेदार विभाग से मिल कर कर रहे हैं. टोंगरी को काट कर पत्थर निकाला जा रहा है. वन व सरकारी जमीन पर बेरोकटोक अवैध तरीके से सैकड़ों एकड़ जमीन पर फैले पत्थरों का खनन कराया जा रहा है. अवैध खनन से सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है. डुमरी व चैनपुर प्रखंड में रोजाना कई ट्रैक्टर पत्थर अवैध रूप से ले जाये जा रहे हैं. अवैध तरीके से पत्थर का खनन का यह काम वर्षों से चल रहा है.
इस काम में खनन व वन विभाग से लेकर कई अधिकारियों की मिलीभगत भी बतायी जाती है. यह सारा खेल पत्थर माफिया परदे के पीछे रह कर करते हैं. इस संबंध में वनपाल गंगाराम बड़ाइक ने कहा कि जैरागी टोंगरी में अवैध खनन के संबंध में सूचना नहीं है. अगर खनन हो रहा है, तो मैं इसकी जांच कर कार्रवाई करूंगा.
