गुमला : जिले में व्याप्त भ्रष्टाचार, स्थानीय नीति व सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन और देश में बढ़ी हुई महंगाई के विरोध में नौ सितंबर से आंदोलन किया जायेगा. उक्त बातें जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवकुमार भगत ने बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही. श्री भगत ने कहा कि पूरे झारखंड में गुमला जिला भ्रष्टाचार से सबसे अधिक प्रभावित है. जिले की विकास योजनाओं में लूट मची हुई है.
श्री भगत ने कहा कि गुमला आदिवासी जिला है, लेकिन इस जिले के आदिवासी रोजगार की तलाश में पलायन कर रहे हैं. सरकार व प्रशासन को इस पर ध्यान देना चाहिए. स्थानीय व सीएनटी-एसपीटी एक्ट के संबंध में उन्होंने कहा कि सरकार मनमर्जी कर रही है. खाद्य सामग्री का मूल्य काफी बढ़ गया है.
इन समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस नौ सितंबर को महाधरना के माध्यम से आंदोलन करेगी. मौके पर जिला उपाध्यक्ष माणिकचंद साहू, अकील रहमान, रामनिवास प्रसाद, विष्णु राम, रोशन मिंज, अरुण कुमार, भैयाराम उरांव, राजू कुमार, विनोद यादव सहित अन्य उपस्थित थे.
