गुमला : सदर थाना की पुलिस ने पिकअप गाड़ी में लदे नौ पशुओं को जब्त किया है. गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है. पशुओं को गुमला थाना परिसर में रखा गया है. जब पुलिस ने पशुओं को जब्त किया, उस समय गाड़ी में कोई नहीं था. पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है.
बताया जा रहा है कि रविवार की रात को पुलिस बीट नंबर तीन के प्रभारी पुअनि धर्मवीर सिंह गश्ती में थे, तभी उन्होंने जशपुर रोड स्थित पार्क के समीप रायडीह से आ रही गाड़ी को रोकने के लिए कहा, परंतु चालक ने गाड़ी नहीं रोकी. तेजी से गाड़ी को भगाते हुए बाजार टांड़ चांदनी चौक के पास गाड़ी ले गये. पुलिस पीछा करते हुए पहुंची, तो चालक व एक अन्य व्यक्ति गाड़ी से कूद कर भाग गया. पुलिस ने गाड़ी में लादे गये नौ पशुओं को जब्त कर थाना ले आयी.
