गुमला : झारखंड राज्य कबड्डी एसोसिएशन के तत्वावधान में जमशेदपुर के सोनारी में नौ से 11 अक्तूबर तक आयोजित बालक-बालिका सीनियर वर्ग राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में गुमला स्पोर्ट्स एकेडमी के 22 खिलाड़ी शामिल होंगे.
जिसमें बालक वर्ग में वीरेंद्र साहू, नवीन कुमार साहू, दीपक कुमार सिंह, अशोक कुमार, विक्रमराज ठाकुर, जोगेंद्र साहू, बबलू साहू, जतींद्र कुमार, पदमानंद ओहदार, विशाल साहू, निशांत सिंह तथा बालिका वर्ग में श्वेता कुमारी, पूनम कुमारी, प्रीति कुमारी, संतोषी टोप्पो, वीणा तिर्की, सुनीता तिग्गा, लक्ष्मी कुमारी सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं. ये सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में गुमला जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे. गुरुवार को सार्जेंट मेजर सूर्य कुमार सिंह, एकेडमी के सचिव सह प्रशिक्षक सैय्यद जुन्नू रैन, कबड्डी कोच यशवंत कुमार साहू, हफीजउर रहमान, विकास कुमार, नेलशन भगत, नवीन असुर, मनमोहन साहू आदि ने जीत की शुभकामनाओं के साथ सभी खिलाड़ियों को जमशेदपुर के लिए रवाना किया. मौके पर सार्जेंट मेजर सूर्य कुमार सिंह ने कहा कि गुमला जिला विभिन्न प्रकार के खेलों की नर्सरी है. यहां के खिलाड़ियों में खेल के प्रति उत्साह है.
खेल से लगाव है. यहां के खिलाड़ी चाहे जिस भी प्रतियोगिता में शामिल होते हैं, वहां वे बेहतर प्रदर्शन करते हैं और मेडल प्राप्त कर जिला का नाम रोशन करते हैं. जमशेदपुर में आयोजित प्रतियोगिता में भी खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और जिले का नाम रोशन करेंगे. सैय्यद जुन्नू रैन ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बेहतर प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ियों को राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा. उन्होंने बताया कि बेहतर खेल का प्रदर्शन करनेवाले इन खिलाड़ियों में से श्वेता कुमारी का चयन राष्ट्र स्तर की प्रतियोगिता के लिए हो चुका है. 13 अक्तूबर को हैदराबाद में आयोजित प्रतियोगिता में श्वेता शामिल होगी.
