जिले में धूमधाम से मनाया गया करमा पर्व, मांदर की थाप पर नाचे लोग
गुमला : गुमला जिले में करमा पर्व मनाया गया. लोग करम डाल के नीचे पूजा पाठ के बाद रात भर लोग नाचे गाये. शहर हो या गांव. रातभर मांदर की थाप पर गूंजता रहा. महिला, पुरुषों के अलावा युवक व युवतियों में भी उत्साह दिखा. बच्चे भी खुश थे. कृष्णा छात्रावास, दुंदुरिया सरना क्लब व केओ कॉलेज छात्रावास में करम महोत्सव मनाया गया. मुख्य अतिथि एसपी भीमसेन टुटी, विशिष्ठ अतिथि एसडीपीओ कपिन्दर उरांव व गुमला सीओ सुनील चंद्र थे.
एसपी ने अपने संदेश में लोगों को करम पर्व के महत्व को समझते हुए मिलजुलकर रहने की अपील की. उन्होंने लोगों से कहा कि आप आज के दिन पर्यावरण के संरक्षण के अलावा माताओं व बहनों के संरक्षण का संकल्प लें. उन्होंने अंधविश्वास के खिलाफ लोगों से खड़ा होने की अपील की. मौके पर सीओ ने मांदर बजाकर खूब झूमे.
मिलजुल कर रहने का संकल्प लें : रमेश
बड़ाइक मुहल्ला के अखाड़ा में करमा पर्व महोत्सव मनाया गया. इसके मुख्य अतिथि चेंबर ऑफ कामर्स के पूर्व अध्यक्ष रमेश कुमार चीनी, विशिष्ठ अतिथि श्रीबड़ा दुर्गा मंदिर पूजा समिति के अध्यक्ष निर्मल गोयल, जिप सदस्य हंदू भगत थे.
मौके पर श्री कुमार ने कहा कि आज के दिन हम सभी मिलजुलकर रहने का संकल्प लें. बहन व भाई के इस पर्व के महत्व को समझते हुए हम अंधविश्वास से दूर रहे. मौके पर निशा भगत, संदीप सिंह, अमित पीके, कार्तिक उरांव, गोपाल शर्मा, प्रकाश गुप्ता, प्रकाश उरांव सहित कई लोग थे.
बसिया. प्रखंड मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रो में करमा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. बहनों ने अपने भाई की लंबी उम्र की कामना के लिए उपवास कर शाम को पूजा अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांगी. पर्व के अवसर पर सरना धर्मावलंबियों ने रात भर मांदर की थाप पर नृत्य व गीत प्रस्तुत कर रात्रि जागरण किया गया. वहीं शुक्रवार की सुबह बहनों ने करमा डाली को नदी में विसर्जित कर दिया.
पूजा में शामिल हुए अशोक
बिशुनपुर. प्रखंड में करमा पर्व धूमधाम से मनाया गया. स्थानीय बैगा व पुजारी द्वारा पूजा पाठ कराया गया. पूजा के बाद रात भी मांदर की थाप पर नाचने व गाने का दौर चला. विकास भारती के ज्ञान निकेतन में सामूहिक करमा पूजा का आयोजन किया गया. मौके पर मुख्य रूप से विकास भारती बिशुनपुर के सचिव अशोक भगत वा थाना प्रभारी मणिलाल राणा उपस्थित थे. अनाथ बच्चों व ग्रामीणों के साथ करमा पर्व मनाया. वहीं कस्तूरबा गांधी विद्यालय में भी कमरा पर्व का आयोजन किया गया.
