गुमला: पालकोट थाना के बिलिंगबीरा जीतियाटोली गांव में बुधवार को पुलिस व भाकपा माओवादी के बीच तीन घंटे तक मुठभेड़ हुई. दिन के तीन बजे से छह बजे तक कई चक्र गोली चली है. इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हार्डकोर नक्सली खुदी मुंडा व तिलकमैन उर्फ दीपक साहू अपने दस्ते के साथ बच निकला है.
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से 75 गोली, एक हैंड ग्रेनेड, भारी मात्र में नक्सली वरदी, परचा व विभिन्न प्रकार का सामान बरामद किया है. पुलिस अभी भी उसी इलाके में जमी हुई है और लगातार छापामारी अभियान चला रही है. जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिलिंगबीरा जीतियाटोली के समीप भाकपा माओवादी के नक्सलियों का जमावड़ा है.
इस सूचना पर एसपी भीमसेन टुटी के निर्देश पर एएसपी पवन कुमार सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया. इसमें पालकोट, रायडीह थाना की पुलिस के अलावा सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर व जैप के जवान थे. पुलिस सुबह पांच बजे ही माओवादियों की टोह में जंगल में घुस गये थे.
अलग अलग दिशाओं से पुलिस ने घेराबंदी की. नक्सलियों की टोह में निकली पुलिस को दिन के तीन बजे जीतियाटोली में खुंदी मुंडा व तिलकमैन के दस्ते के साथ मुठभेड़ हो गयी. मुठभेड़ से पहले आसपास के गांवों के लोगों को घर में दरवाजा बंद करके रहने के लिए कहा गया. शुरू में एक घंटे तक ताबड़तोड़ दोनों ओर से गोलियां चली. चार बजे के बाद रुक-रुक कर गोलीबारी होते रही. छह बजे गोली चलना बंद हो गया.
