बिशुनपुर: बिशुनपुर प्रखंड के नेतरहाट घाटी में बीती रात को बॉक्साइट ट्रक पलट गया. इस घटना में 19 लोग घायल हो गये. इसमें गंभीर रूप से घायल समंदरी गांव की सुकरो देवी (55 वर्ष) की इलाज के क्रम में मौत हो गयी. उसे बिशुनपुर अस्पताल से गुमला रेफर किया गया था. रात को मौत हुई है. वहीं अन्य घायलों ने गांव में मरहम पट्टी कराया है.
इलाज के बाद सभी की स्थिति ठीक है. जानकारी के अनुसार सभी लोग बॉक्साइट ट्रक में सवार होकर समंदरी गांव से बंगरू पाट एक समारोह में भाग लेने जा रहे थे. तभी नेतरहाट घाटी के समीप चालक का संतुलन खो गया और ट्रक पलट गया.
रात होने के कारण सभी घायलों को गांव में ले जाया गया. जहां सभी का किसी प्रकार इलाज हुआ. सुकरो देवी को गंभीर चोट लगी थी. उसे रात को ही किसी प्रकार अस्पताल लाया गया. लेकिन स्थिति गंभीर देख गुमला भेज दिया गया. जहां उसकी मौत हो गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया.
