रायडीह : रायडीह थाना के खुरसुता गांव से बहनेवाली शंख नदी में निर्माणाधीन पुल के समीप रविवार की रात को टीपीसी उग्रवादियों ने उत्पात मचाया.
दो जेसीबी मशीन व एक मोटरसाइकिल फूंक दिये. मजदूरों के साथ मारपीट की. पांच मोबाइल लूट कर ले गये.हवाई फायरिंग की. इससे मजदूरों में दहशत है. मजदूर डर से काम करने को तैयार नहीं है. सभी वापस अपने घर लौट गये. घटना के बाद पुल का काम बंद कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि उग्रवादियों ने पुल बनवा रहे ठेकेदार से लेवी की मांग की थी. लेवी नहीं मिलने व बिना इजाजत के काम शुरू करने से उग्रवादी गुस्से में थे. इस कारण घटना को अंजाम दिया.
सात उग्रवादी आये थे : मुख्यमंत्री सेतु योजना के तहत कचोड़ा व खुरसुता गांव के बीच शंख नदी में पुल निर्माण कार्य चल रहा था. जिसका निर्माण आरएम कंस्ट्रक्शन कंपनी करा रहा था. घटना के संबंध में मुंशी मो मुस्ताक खान ने बताया कि रविवार की रात बारह बजे सात अज्ञात नकाबपोश उग्रवादी निर्माण स्थल पहुंचे. सभी हथियार से लैस थे. उग्रवादियों ने पुल निर्माण स्थल पर सोये हुए मजदूरों को जगाया. फिर उन्हें ले जाकर एक कमरे में पेट के बल लिटा दिया.
इस दौरान एक दो मजदूरों की पिटाई भी की. इसके बाद ड्राम से डीजल निकाल कर दोनों जेसीबी व बाइक पर छिड़क कर आग लगा दी. उग्रवादियों ने कहा कि हमारे बिना इजाजत के काम शुरू किया गया था. कंस्ट्रक्शन के मालिक से बात करना चाहते हैं, लेकिन वो बात नहीं करता है. जिसके कारण घटना को अंजाम दिया जा रहा है. अगर पुन: कार्य शुरू किया गया, तो इसका अंजाम बुरा होगा.
