Gumla: अलग-अलग हादसों में 3 की मौत, नवजात का भी मिला शव

Gumla: गुमला में एक ही दिन एक-एक महिला-पुरुष और एक नवजात का शव बरामद किया गया है. जबकि एक सड़क हादसे में दो बाईक सवारों की मौत हो गई है.

दुर्जय पासवान
Gumla: जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कसपोड़या गांव निवासी स्व ढुनू मुंडा के पुत्र 15 वर्षीय कामदेव मुंडा का शव सोमवार को सिलाफारी गांव स्थित एक कुएं से बरामद किया गया. जानकारी के अनुसार कामदेव मुंडा अपने जीजा छोटेलाल मुंडा के साथ गुमला के सिलाफारी गांव में रह रहा था. वह 18 फरवरी की शाम से अचानक लापता हो गया था. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किये जाने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल पाया. इसी बीच 23 फरवरी को सिलाफारी गांव निवासी सुरेश साहू के कुएं में एक शव तैरता हुआ दिखायी दिया. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. सूचना मिलते ही गुमला पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा बनाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

कुएं से 50 वर्षीय महिला का शव बरामद

सदर थाना क्षेत्र के हुरहुरिया गांव में गत रविवार को कुएं से लगभग 50 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है. महिला की पहचान आंजन गांव की एक महिला के रूप में की गयी है. ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बतायी जा रही है. आशंका जतायी जा रही है कि मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह कुएं में गिर गयी या उसने स्वयं कुएं में छलांग लगा दी. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

तालाब खुदाई में मिल नवजात का शव

पालकोट पुलिस ने सोमवार को थाना क्षेत्र के लालगढ़ पतराटोली स्थित आंबाकोना से एक नवजात शिशु का शव बरामद किया है. आंबाकोना में ग्रामीणों द्वारा तालाब निर्माण हेतु खुदाई किया जा रहा था. खुदाई के दौरान जमीन के अंदर से नवजात शिशु का निकला. ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना पालकोट पुलिस को दी. पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

इसके अतिरिक्त घाघरा थाना क्षेत्र के मौनीदह पुल के समीप सोमवार की शाम को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में दो युवकों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. मृतकों में पौड़ी ग्राम निवासी लगभग 20 वर्षीय दीपक खेरवार और 19 वर्षीय अजीत उरांव का नाम शामिल है. घटना की सूचना मिलते ही थानेदार मोहन कुमार सिंह व एएसआइ गणेश दास घटनास्थल पहुंचे. दोनों शव को बरामद कर घाघरा थाना ले आया है. जानकारी के अनुसार दोनों पौड़ी गांव के रहने वाले हैं. दोनों मोटरसाइकिल में सवार होकर आदर गांव शादी समारोह में शामिल होने के लिए गये थे. वहां से लौटने के दौरान पौड़ी सरना गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन से भिड़ंत हुई और दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. पुलिस अज्ञात वाहन का पता करने में लग गयी है. घटना के वक्त कोई भी प्रत्यक्षदर्शी नहीं था. घटना की सूचना मिलते ही गांव के सभी लोग घटनास्थल पहुंच गये. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस संबंध में थानेदार मोहन कुमार सिंह से पूछने पर उन्होंने कहा घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पहुंचे. दोनों शव को बरामद कर थाना ले आया गया है. सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जायेगा.

ये भी पढ़ें…

झारखंड निकाय चुनाव: दुमका और सरायकेला आगे! गोड्डा में मतदान की रफ्तार सुस्त, देखें 11 बजे तक का हाल

झारखंड के सरायकेला नगर पंचायत में बंपर 47.57% वोटिंग, खूंटी में भी जोश हाई, देखें 1 बजे तक का हाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >