गुमला : जिले के कल्याण विभाग व आइटीडीए (समेकित जनजाति विकास अभिकरण) में नौ करोड़ पांच लाख 16 हजार सात सौ रुपये का गबन हुआ है.
क्लोन चेक बनाकर उसमें फर्जी हस्ताक्षर कर राशि की निकासी की गयी है. इस संबंध में आइटीडीए के अपर निदेशक ने गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने एसबीआइ, गुमला शाखा के पदाधिकारियों व कर्मचारियों पर राशि गबन करने का आरोप लगाया है.
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. इधर, बैंक से नौ करोड़ रुपये गलत तरीके से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने का मामला सामने आने के बाद रांची से स्टेट बैंक की जांच टीम गुमला पहुंची. छुट्टी के बावजूद टीम ने मामले की गोपनीय तरीके से जांच की. इस मामले में स्टेट बैंक के रिजनल मैनेजर ने कहा कि जांच हुई है. बैंक बंद है. तीन अक्तूबर को पूरी जानकारी मिल पायेगी.
डीसी शशि रंजन ने कहा है कि एक्सिस बैंक कोटपाड़ शाखा में एक व्यक्ति पैसा निकालने आया था. मोटी रकम देख कर कोटपाड़ शाखा के कर्मचारियों ने गुमला के एक्सिस बैंक शाखा के मैनेजर से संपर्क किया. तभी पता चला कि कोई गलत तरीके से इतनी मोटी रकम निकालने का प्रयास कर रहा है.
इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने पहले खाता को फ्रीज कराया. उस खाता में अभी भी आठ करोड़ 50 लाख रुपये हैं. कुछ राशि की निकासी दूसरे खातों के माध्यम से की गयी है. जिन-जिन खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया है, उन सभी खातों को फ्रीज कर दिया गया है. डीसी ने कहा है कि इतनी मोटी रकम के गबन के मामले में बैंक के लोग दोषी हैं.
सीबीआइ के बदले थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी
गुमला में फर्जी चेक के सहारे सरकारी खाते से नौ करोड़ पांच लाख 16 हजार 700 रुपये की निकासी के सिलसिले में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. जबकि आरबीआइ और सेंट्रल विजिलेंस कमीशन (सीवीसी) द्वारा जारी निर्देश के आलोक में तीन करोड़ रुपये से अधिक की बैंक धोखाधड़ी की प्राथमिकी सीबीआइ में दर्ज कराने का प्रावधान है.
क्लोन चेक से राशि की हुई निकासी
आइटीडीए विभाग का क्लोन चेक बनाकर राशि की निकासी की गयी है. प्राथमिकी के अनुसार, विभाग का अपना चेक कार्यालय में सुरक्षित है.
जिस क्लोन चेक पर फर्जी हस्ताक्षर किया गया है, वह चेक बैंक के कुछ लोगों द्वारा ही बनाने की आशंका व्यक्त की जा रही है. गुमला स्टेट बैंक से आइटीडीए विभाग के रुपये ओड़िशा के एक्सिस बैंक कोटपाड़ शाखा की खाता संख्या 918020058032444 में ट्रांसफर किया गया है. यह खाता किसी पटेल के नाम से है.
