गुमला. सदर थाना क्षेत्र के फोरी गांव में एक 12 वर्षीय बच्ची से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक के साथ मारपीट किये जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने मामले में पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी मुशर्रफ बक्स को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले को लेकर थाना में लिखित आवेदन देकर कहा है कि 14 जुलाई की रात करीब 10 बजे युवक अपने साथियों के साथ गांव के एक व्यक्ति के घर आये मेहमानों को डांडटोली छोड़कर लौट रहे थे. लौटने के दौरान फोरी मेला चौक के पास पहले से घात लगाये बैठे मुशर्रफ बक्स ने अचानक हमला कर दिया.
मारपीट में युवक के हाथ, पैर और पीठ में चोटें आयी. आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुशर्रफ बक्स 12 वर्षीय लड़की से स्कूल आने-जाने के दौरान अक्सर छेड़छाड़ करता था. ग्रामीण इस हरकत का विरोध करते थे. आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी ने मारपीट की. मामले की जांच के बाद गुमला थाना में कांड दर्ज किया गया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए आरोपी मुशर्रफ बक्स पिता नसीर बक्स निवासी फोरी को गिरफ्तार कर लिया. शनिवार को पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया.
