डीडीसी ने कहा : क्यों नहीं आप लोगों पर एक हजार का अर्थदंड लगाया जाये
गुमला : मनरेगा के कार्यों में मजदूरी एवं सामग्री के अनुपात में भुगतान नहीं करने के मामले को लेकर डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा गंभीर हैं. इस संबंध में तीन बीडीओ व एक बीपीओ से डीडीसी ने स्पष्टीकरण मांगा है. जारी के मुख्य प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सह बीडीओ प्रवीण केरकेट्टा, भरनो प्रखंड के मुख्य प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ मनोरंजन कुमार, चैनपुर प्रखंड के मुख्य प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सह बीडीओ कुमार बंधु कच्छप व चैनपुर प्रखंड के ही बीपीओ संदीप उरांव को मनरेगा अधिनियम के अंतर्गत मजदूरी एवं सामग्री के अनुपात का पालन नहीं करने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है. इन तीनों बीडीओ व बीपीओ को डीडीसी ने स्पष्टीकरण का पत्र निर्गत करते कहा है कि मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी एवं सामग्री का अनुपात 60:40 का पालन किया जाना है.
एमआइएस प्रतिवेदन के अवलोकन से यह स्पष्ट होता है कि वित्तीय वर्ष 2018-19 में चैनपुर प्रखंड में मजदूरी एवं सामग्री का अनुपात 49:51, भरनो प्रखंड में 47:53 व जारी प्रखंड में 40:60 है, जो कि मनरेगा प्रावधानों के बिल्कुल विपरीत है. डीडीसी ने कहा है कि मनरेगा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराना एवं ऐसी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाना है, जिसमें ज्यादा से ज्यादा मानव दिवस सृजित हो. इसके बावजूद किस परिस्थिति में आप तीनों बीडीओ व बीपीओ मनरेगा अधिनियम के उद्देश्यों के विपरीत कार्य का संपादन करा रहे हैं. इसलिए क्यों नहीं मनरेगा अधिनियम उल्लंघन के आरोप में अधिनियम की धारा 25 के तहत आप लोगों के ऊपर एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाये. डीडीसी ने तीनों बीडीओ व चैनपुर बीपीओ को दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण का जवाब देने का निर्देश दिया है.
वरीय अधिकारियों के आदेश की अवहेलना का आरोप
गुमला जिले के पांच बीडीओ के ऊपर मनरेगा के कार्य में लापरवाही बरतने व वरीय पदाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का आरोप लगा है. इनमें बिशुनपुर प्रखंड के बीडीओ उदय कुमार सिन्हा, गुमला प्रखंड के बीडीओ शंकर एक्का, चैनपुर प्रखंड के बीडीओ कुमार बंधु कच्छप, बसिया प्रखंड के बीडीओ विजय कुमार मिश्र एवं भरनो प्रखंड की बीडीओ शीतल कुमारी शामिल हैं. इन लोगों के ऊपर मनरेगा कार्य में अभिरुचि नहीं लेने, अपने कार्यों में लापरवाही बरतने एवं वरीय पदाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप है.
इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी चंद्रप्रकाश सिन्हा ने उपविकास आयुक्त गुमला को पत्र लिखते हुए इन पांचों बीडीओ से स्पष्टीकरण करते हुए प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. साथ ही इन पांचों के विरुद्ध कार्रवाई कर विभाग को अवगत कराने का निर्देश दिया गया है. विशेष कार्य पदाधिकारी ग्रामीण विकास विभाग झारखंड सरकार के निर्देश के आलोक में उप विकास आयुक्त कार्यालय गुमला ने कार्रवाई प्रारंभ कर दी है.
