गुमला : गुमला के लोग सोमवार को डेढ़ घंटे तक आंधी-तूफान व तेज बारिश से परेशान रहे. डेढ़ घंटे की बारिश ने शहर का नजारा ही बदल दिया. बच्चे बर्फ से खेलने लगे, जहां पानी जमा था, वहां बच्चों की भीड़ थी. बसिया प्रखंड के सुकुरूडा गांव की किरण मिंज के घर की छत आंधी में उखड़ गयी. बसिया प्रखंड के ही लोंगा गांव स्थित चंदा ढाबा की छत आंधी तूफान में उखड़ गया. उस समय ढाबा में कई लोग थे.
इसमें ढाबा मालकिन प्रतिमा देवी, जमशेदपुर के मोहम्मद जहांगीर, उत्तर प्रदेश के अशोक कुमार को गंभीर चोट लगी है. घायलों को बसिया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं गुमला में पेड़ गिरने व बिजली पोल गिरने से भारी नुकसान हुआ है. आधा दर्जन लोग गुमला में भी मामूली रूप से घायल हुए हैं. इधर, रजा कॉलोनी मुहल्ला की सड़क तालाब बन गयी थी. बारिश का पानी घरों में घुसा है. जगह-जगह पर पेड़ गिर गये. बिजली पोल व तार टूट कर गिरने से सड़कें जाम हो गयी थी. पेड़ की डालियों को काट कर व बिजली पोल को हटा कर किसी तरह आवागमन शुरू किया गया. वाहनों पर पेड़ गिरने से क्षति हुई है.
गुमला में बिजली गुल से लोग परेशान
आंधी-तूफान व बारिश के बाद गुमला की बिजली बंद कर दी गयी थी. बारिश थमने के बाद विभाग के लोगों ने क्षति का मुआयना किया. कई स्थानों पर पोल व तार टूट गये हैं. इस कारण उन इलाकों में बिजली सप्लाई अभी एक-दो दिन होने की संभावना कम है. जूनियर इंजीनियर वीरेंद्र उरांव ने कहा कि पोल व तार टूटने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. जबतक स्थिति देख नहीं लेते, बिजली सप्लाई करना मुश्किल है.
