शिक्षाविदों की मेहनत का फल है बैजनाथ जालान कॉलेज : स्पीकर

सिसई : बैजनाथ जालान कॉलेज सिसई में बुधवार को 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नये कॉलेज भवन का शिलान्यास किया गया. स्पीकर दिनेश उरांव, कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय, प्रति कुलपति कामिनी कुमार ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया. मौके पर पाहन चरवा उरांव ने पूजा-अर्चना करायी. भवन निर्माण विभाग की देखरेख […]

सिसई : बैजनाथ जालान कॉलेज सिसई में बुधवार को 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नये कॉलेज भवन का शिलान्यास किया गया. स्पीकर दिनेश उरांव, कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय, प्रति कुलपति कामिनी कुमार ने संयुक्त रूप से शिलान्यास किया. मौके पर पाहन चरवा उरांव ने पूजा-अर्चना करायी. भवन निर्माण विभाग की देखरेख में कार्य एजेंसी जुनैव इंटरप्राइजेज रांची द्वारा किया जायेगा.
स्पीकर ने कहा कि स्थापना काल से ही मैं बैजनाथ जालान कॉलेज सिसई से जुड़ा हूं. वर्ष 1976 में राज्यपाल जगरनाथ कौशल व शिक्षामंत्री करमचंद भगत ने कॉलेज की आधारशिला रखी थी. रांची के व्यवसायी सह समाजसेवी बैजनाथ जालान, संस्थापक सचिव डॉ भुवनेश्वर अनुज व संस्थापक डॉ नंदकिशोर सिंह सहित क्षेत्र के शिक्षाविदों की मेहनत का फल है कि आज कॉलेज इस स्थिति में पहुंचा है.
आज का दिन इस कॉलेज के स्वर्णिमकाल का दिन है. विश्वविद्यालय परिवार के आशीर्वाद से इतना बड़ा कार्य हो रहा है. उन्होंने कहा कि इस भवन निर्माण से कॉलेज में आधारभूत संरचना तैयार होगा. कुलपति ने कहा कि बैजनाथ जालान कॉलेज सिसई का भविष्य उज्ज्वल है. यहां अगले सत्र से एमए की पढ़ाई शुरू होगी. बीसीए, बीबीए की पढ़ाई शुरू की जायेगी. यहां के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाना नहीं पड़ेगा. कॉलेज परिसर में कुछ रैयती जमीन है. जमीन का उचित मुआवजा देकर अधिग्रहण करने का प्रयास किया जायेगा.
कार्यक्रम का संचालन डॉ कृष्णा प्रसाद साहू व धन्यवाद ज्ञापन डॉ रामेश्वर साहू ने किया. कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने स्पीकर से मुलाकात कर कॉलेज की समस्याओं से अवगत कराते हुए निराकरण की मांग की. मौके पर प्राचार्य बीपी वर्मा, प्रो शिवशंकर तिवारी, प्रो जगदीश प्रसाद, प्रो झुरी राम, प्रो साहू प्रकाश लाल, डॉ कपिलदेव प्रसाद, प्रो मांगे उरांव, प्रो लक्ष्मण साहू, बीडीओ मनोरंजन कुमार, लालमोहन साहू, साधो उरांव, लोयो उरांव व महेश्वर टोप्पो सहित विद्यार्थी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >