घाघरा(गुमला) : घाघरा प्रखंड के बरांग गांव में ससुर व बहू का रिश्ता शर्मसार करने का मामला सामने आया है, जहां 60 वर्षीय ससुर ने 22 साल की अपनी बहू के साथ दुष्कर्म किया है. इस संबंध में पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत की है. आवेदन में पीड़िता ने कहा है कि दहेज नहीं देने पर लकड़ी चुनने के बहाने उसका ससुर उसे जंगल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया है.
पुलिस ने ससुर ननका महतो को हिरासत में लेकर हाजत में रखे हुए है. वहीं पीड़िता का पति भाग गया है. थाना प्रभारी सुदामा चौधरी ने कहा है कि पीड़िता ने लिखित शिकायत की है. मामले की जांच चल रही है. एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी. अभी ससुर ननका से पूछताछ की जा रही है.
आठ माह पहले हुई है शादी
पीड़िता ने कहा है कि उसका घर चान्हो प्रखंड है. उसकी शादी घाघरा प्रखंड के शैलेश महतो के साथ आठ माह पहले हुई थी. शादी के बाद ससुराल वाले दहेज की मांग करने लगे. दहेज नहीं देने पर प्रताड़ित करते थे. चार माह पहले ससुर ननका लकड़ी चुनने के बहाने उसे जंगल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. साथ ही धमकी दी कि किसी को कुछ मत बताना. इधर, सोमवार की रात को पुन: पीड़िता के साथ मारपीट की गयी. इसके बाद वह अपने मायके चली गयी. मायके वालों को पूरी घटना की जानकारी दी. मंगलवार को मायके वाले बरांग गांव पहुंचे. परिवार के सभी सदस्य घर से भाग गये. ससुर ननका पकड़ में आया, तो उसे थाना लाकर पुलिस को सौंप दिया.
