गुमला : जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के तिगावल गांव की छात्रा का अपहरण कर दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश मे आया है. इस संबंध में पीड़िता ने चैनपुर निवासी राजा नायक के खिलाफ अपहरण कर दुष्कर्म करने की प्राथमिकी दर्ज करायी है.
पीड़िता 12वीं की छात्रा है. वह छत्तीसगढ़ के राजपुर में अपने नाना नानी के घर में रह कर पढ़ाई करती है. वह कुछ दिन पहले अपने पैतृक गांव तिगावल आयी थी. 13 मार्च को वह चैनपुर बाजार किसी काम से गयी थी. गांव लौटने के क्रम में कुरुमगढ़ चौक के पास चैनपुर निवासी राजा नायक ने उसका अपहरण कर लिया.
उसे जंगल में ले गया और दुष्कर्म किया. रात होने के बाद पीड़िता को राजा अपने घर ले आया और कमरे में बंद कर दिया. हथियार का भय दिखा कर 17 दिनों तक उसे अपने घर में बंधक बनाये रखा.
इसके बाद आरोपी युवक पीड़िता को दिल्ली बेचने के लिए ले जा रहा था. रांची रेलवे स्टेशन के पास भीड़ का फायदा उठा कर पीड़िता भाग निकली. किसी तरह वह अपने घर पहुंची. उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिजनों को दी. सोमवार को पीड़िता के साथ परिजन चैनपुर थाना पहुंचे और राजा नायक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी.
दो मामलों का आरोपी है राजा : आरोपी राजा नायक पहले से दो मामलों का आरोपी है. इससे पूर्व चैनपुर के हर्राटीनटांगर में बच्चों के साथ अप्राकृतिक यौनाचार मामले में वह जेल जा चुका है.
